बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर/कुसमी, 2 मई। सामरी पाठ थाना क्षेत्र के सुदूर ग्राम पंचायत चुनचुना के भूताही में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नदी में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सबाग के अखईन कोना निवासी रामसाय कोरवा अपने परिवार के साथ इन दिनों भूताही में ससुराल आया हुआ था और महुआ बीनने का कार्य कर रहा था। शुक्रवार को उसका 6 वर्षीय पुत्र अमरजीत कोरवा, उदय शंकर कोरवा की 5 वर्षीय पुत्री श्रीमती तथा एक अन्य छोटा बच्चा खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चों ने नदी में नहाना शुरू किया, जिसमें छोटा बच्चा किनारे पर ही रहा, जबकि अमरजीत और श्रीमती गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान दोनों बच्चे नदी के गहरे हिस्से में डूब गए।
कुछ समय बाद छोटा बच्चा घर लौट गया। इधर, जब एक बुजुर्ग नदी किनारे से गुजरा तो उसे बच्चों के कपड़े दिखाई दिए, लेकिन बच्चे नजर नहीं आए। संदेह होने पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद करीब 6 फीट गहरे पानी से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। पंचायत सचिव राम सुंदर राम मौके पर पहुंचे और पुलिस सहित संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


