बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,1 मई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज ने गुरुवार देर रात अस्पताल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हालत नाजुक होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के ग्राम सेदूर निवासी 58 वर्षीय कौलेश्वरी को बुखार और उल्टी की शिकायत पर 27 अप्रैल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला मेडिकल वार्ड में उसका उपचार चल रहा था। गुरुवार रात करीब 12 बजे वह किसी तरह अस्पताल की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंच गई और कुछ देर तक वहां टहलने के बाद अचानक नीचे छलांग लगा दी।
छलांग लगाने से महिला सिर के बल फर्श पर गिरी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल स्टाफ ने तत्काल उसे भर्ती किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर रात करीब .:30 बजे उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
एंबुलेंस से ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल की छत पर जाने से रोकने के लिए रेलिंग लगाई गई है, इसके बावजूद महिला किसी तरह उसे पार कर ऊपर पहुंची थी। चिकित्सकों के अनुसार महिला का इलाज नियमित रूप से चल रहा था। फिलहाल उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।