बलरामपुर

पंचायत सचिव पर अनियमितता के आरोप, हटाने की मांग
25-Apr-2026 9:58 PM
पंचायत सचिव पर अनियमितता के आरोप, हटाने की मांग

सचिव ने आरोपों को बताया निराधार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,25 अप्रैल। ग्राम पंचायत बरियों के सचिव पर अनियमितता और विवादित व्यवहार के आरोप लगाते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पंचायत सचिव ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए शिकायत को भ्रामक बताया है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष बरियों जितेंद्र जायसवाल ने जनपद पंचायत सीईओ के माध्यम से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दी गई शिकायत में ग्राम पंचायत बरियों के सचिव नरेंद्र जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि सचिव का व्यवहार विवादित है और वे अक्सर ग्रामीणों के साथ विवाद करते हैं।

साथ ही वे नियमित रूप से पंचायत कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते, जिससे आम नागरिकों के कार्य समय पर नहीं हो पाते और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंडल अध्यक्ष ने सचिव को ग्राम पंचायत बरियों से तत्काल हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।

वहीं इस संबंध में पंचायत सचिव नरेंद्र जायसवाल ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष द्वारा अपूर्ण सीएससी सेंटर को पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने का दबाव बनाया जा रहा था।

जब उन्होंने अपूर्ण भवन को पहले पूर्ण कराने की बात कही, तो उन्हें हटवाने की धमकी दी गई। सचिव का कहना है कि उनके विरुद्ध की गई शिकायत भ्रामक है और उनके कार्य एवं व्यवहार के संबंध में पंचायत के पंच-सरपंच से जानकारी ली जा सकती है।

इस मामले में जनपद पंचायत सीईओ संजय दुबे ने बताया कि शिकायत की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर जिला स्तर पर आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।


अन्य पोस्ट