बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 24 अप्रैल। नगर पंचायत राजपुर में आयोजित सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को हंगामेदार रही। बैठक शुरू होते ही पार्षदों ने नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट और लंबित कार्यों को लेकर अध्यक्ष व मुख्य नगर पंचायत अधिकारी (सीएमओ) को घेरते हुए जमकर बहसबाजी की।
नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में करीब 22 बिंदुओं का एजेंडा रखा गया था। बैठक में नगर पंचायत सीएमओ रविन्द्र लाल, नगर अध्यक्ष धरम सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह, इंजीनियर सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक शुरू होते ही पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद राजन त्रिपाठी ने नाली निर्माण को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि हर वर्ष बारिश के दौरान उनके वार्ड में घरों में पानी घुस जाता है, लेकिन जहां पानी का भराव कम होता है वहां नाली निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि बारिश से पहले वार्ड में नाली निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
वहीं वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद विश्वास गुप्ता ने पिछली सामान्य सभा में उठाए गए मुद्दों पर अब तक अमल नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूर्व में पारित प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। अन्य पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों में स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर नाराजगी व्यक्त की।
पार्षदों का कहना था कि नई लाइटें लगाने के बाद भी दो दिन में खराब हो जाती हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के अंत में सभी पार्षदों ने अध्यक्ष और सीएमओ से कहा कि वे वार्डों में निवास करते हैं और कार्य नहीं होने पर जनता को जवाब देना पड़ता है। इसलिए नगर में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए।