बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 22 अप्रैल। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात वैवाहिक सीजन को ध्यान में रखते हुए विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
जिला बलरामपुर अंतर्गत सेमरसोत के पास एनएच-343 पर चलने वाली यात्री बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान विशेष रूप से बसों के परमिट, बीमा, फिटनेस एवं वाहन पंजीयन दस्तावेजों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बिना परमिट वाहन संचालन करने पर दो प्रकरणों में कुल 10 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। वहीं सेंट जेवियर स्कूल, राजपुर की बस क्रमांक सीजी 15 ईजी 2821 को स्कूल बस पर बिना परमिट बाराती एवं सवारियों का परिवहन करते पाए जाने पर विधिवत जब्ती एवं चालानी कार्रवाई की गई।
जिला परिवहन अधिकारी द्वारा समन्वय स्थापित कर अन्य बस की व्यवस्था कर यात्रियों को होने वाली असुविधा को दूर किया गया। साथ ही संबंधित स्कूल बस का परमिट निरस्त करने एवं चालक का लाइसेंस निलंबित करने हेतु परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें, यातायात नियमों का पालन करें, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन बिल्कुल न करें।


