बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 22 अप्रैल। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के लिए गर्व का क्षण है। भेलवाडीह स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की मेधावी छात्रा नेहा एक्का ने जेईई मेन्स 2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर नेहा ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिस्थितियां भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं।
नेहा एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता रमेश एक्का खेती-किसानी करते हैं, जबकि माता ललिता एक्का गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी नेहा ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अपनी पढ़ाई के प्रति समर्पण बनाए रखा और अनुशासित दिनचर्या के साथ निरंतर मेहनत करती रहीं।
नेहा बताती हैं कि जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी आसान नहीं थी, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी। उनकी इसी मेहनत का परिणाम है कि वे जेईई मेन्स 2026 में सफल होकर जेईई एडवांस परीक्षा के लिए भी पात्र हो गई हैं।
वे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देती हैं। उनका कहना है कि यदि दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत के साथ प्रयास किया जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
नेहा की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। नेहा ने यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


