बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,21 अप्रैल। क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड द्वारा रामानुजगंज क्षेत्र में मक्का रिटेलरों के लिए एक दिवसीय गोष्ठी एवं खेत भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कंपनी के उन्नत मक्का संकर आरएमएच 9999 की विशेषताओं और इसकी उत्पादकता से रिटेलरों को विस्तार से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में कंपनी के रीजनल बिजनेस मैनेजर अवनीश कुमार एवं टेरिटरी बिजनेस मैनेजर दीपक कुमार ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि आरएमएच 9999 के दाने बड़े, चमकदार और एक समान नारंगी-पीले रंग के होते हैं, जो बाजार में बेहतर मूल्य दिलाने में सहायक हैं। दानों की सख्ती के कारण भंडारण के दौरान फसल जल्दी खराब नहीं होती, जिससे किसानों को अतिरिक्त लाभ मिलता है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि इस संकर के भुट्टे पूरी तरह भरे हुए होते हैं और भूसी का आवरण मजबूत होने से कीटों से प्राकृतिक सुरक्षा मिलती है। खेत में खड़ी फसल में झुलसा रोग, डाउनी मिल्ड्यू तथा तना छेदक के प्रति अच्छी प्रतिरोधक क्षमता भी देखने को मिली है। साथ ही मजबूत तने के कारण तेज हवा या आंधी में फसल गिरने की संभावना भी कम रहती है।
खेत भ्रमण के दौरान वर्तमान फसल की स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञों ने अनुमान जताया किआरएमएच 9999 से लगभग 40 क्विंटल प्रति एकड़ तक उपज प्राप्त की जा सकती है, जो किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो सकती है। गोष्ठी में शामिल रिटेलरों ने फसल की गुणवत्ता, मजबूती और उच्च उत्पादन क्षमता की सराहना करते हुए इसे किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प बताया। कार्यक्रम के अंत में किसानों तक उन्नत तकनीक और गुणवत्तापूर्ण बीज पहुंचाने पर जोर दिया गया।


