बलरामपुर

बेकाबू बाइक खंभे से टकराई, युवक की मौत, साथी जख्मी
20-Apr-2026 10:49 PM
बेकाबू बाइक खंभे से टकराई, युवक की मौत, साथी जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 20 अप्रैल। बकसपुर मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात हुए एक सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे उसके साथी को मामूली चोटें आई हैं। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार अजीत प्रजापति (24 वर्ष), पिता स्वर्गीय राजेश प्रजापति, निवासी झींगों कर्रा रोड, अपने साथी अंकित प्रजापति (23 वर्ष), पिता लरंग प्रजापति, निवासी ग्राम झींगों के साथ राजपुर आए हुए थे। दोनों युवक नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 03 पैंकरा मोहल्ला राजपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात अपने गांव लौट रहे थे।

बताया गया कि शादी समारोह से लौटते समय दोनों युवक मोटरसाइकिल से राजपुर-बकसपुर मुख्य मार्ग होते हुए झींगों की ओर जा रहे थे।

 इसी दौरान रात करीब 12 बजे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पहले सीमेंट के खंभे से टकराई और उसके बाद स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक अजीत प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों युवकों को सहायता पहुंचाई, लेकिन अजीत प्रजापति की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे अंकित प्रजापति को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट