बलरामपुर
बचाने पहुंचे माता-पिता से भी मारपीट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 23 मार्च। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरपानी गांव में चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकडक़र उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना ने एक बार फिर भीड़तंत्र और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव में सरसों और करीब 300 रुपये नगद चोरी होने की बात सामने आई थी। इसी आधार पर संदेह के चलते ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और बिना किसी पुष्टि के खुद ही उसे सजा देने पर उतर आए। देखते ही देखते भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक के सिर के बाल तक उखाड़ दिए गए और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। युवक को बचाने पहुंचे उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक लगातार खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। लंबे समय तक चली पिटाई के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर पर कई चोट के निशान हैं और हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।


