बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 20 मार्च। जिले में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। तेज गरज-चमक के साथ हुई ओलावृष्टि और बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।
पिछले दो-तीन दिनों से जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी के बाद दोपहर बाद अचानक बादल छा रहे हैं और हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। शुक्रवार को भी इसी क्रम में तेज गर्जना के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाम के समय तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिल रही है।
फसलों को नुकसान की आशंका
क्षेत्र में इस समय गेहूं, चना और सरसों की फसलें पकने की अवस्था में हैं। ऐसे में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक इसी तरह मौसम बने रहने की संभावना जताई है। प्रशासन की ओर से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।


