बलरामपुर
राजपुर में शिक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 18 मार्च। जनपद पंचायत राजपुर के सभा कक्ष में जनपद उपाध्यक्ष एवं स्थायी शिक्षा समिति के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल की अध्यक्षता में शिक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी अरविन्द गुप्ता, सहायक विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी जे.आर. नागदेव सहित शासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा अनुदान प्राप्त संस्थाओं के प्राचार्य एवं प्रधान पाठक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विद्यालयों के परीक्षा परिणाम एवं शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विकास खण्ड स्तर पर शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्था प्रमुखों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।
बोर्ड परीक्षा सत्र 2026 के परिणामों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी विद्यालयों की भूमि सीमांकन की प्रक्रिया पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
छात्रों की नियमित उपस्थिति, साइकिल वितरण योजना की स्थिति तथा छात्रवृत्ति से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। जिन कार्यों में प्रगति अधूरी है, उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
यह भी जानकारी दी गई कि शिक्षा समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त एवं 26 जनवरी को विकास खण्ड स्तर पर आयोजित करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर विस्तृत समीक्षा की गई। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों (प्रथम एवं द्वितीय स्थान) एवं संस्था प्रमुखों को पुरस्कृत करने पर सर्वसम्मति से सहमति दी गई।


