बलरामपुर

मनरेगा बचाव संग्राम पर कांग्रेस की वर्चुअल बैठक
15-Mar-2026 10:17 PM
मनरेगा बचाव संग्राम पर कांग्रेस की वर्चुअल बैठक

विस घेराव में अधिक भागीदारी का आह्वान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 15 मार्च। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मनरेगा बचाव संग्राम और संगठन को वार्ड, पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से बलरामपुर जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजन, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव विशेष रूप से जुड़े और संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से 17 मार्च को रायपुर में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया। यह कार्यक्रम शंकर नगर स्थित भारत माता चौक में दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी से कम से कम दो वाहन तथा सभी फ्रंटल संगठनों से प्रत्येक ब्लॉक स्तर से कम से कम एक वाहन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक एकता कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करना चाहिए।

बैठक में जिला प्रभारी शफी अहमद ने कहा कि मनरेगा बचाव संग्राम केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को कमजोर करने के प्रयासों का सबसे ज्यादा असर गांवों के गरीब परिवारों पर पड़ता है, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे इस आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाएं।

उन्होंने बलरामपुर जिले की भौगोलिक दूरी का उल्लेख करते हुए कहा कि राजधानी रायपुर दूर होने के बावजूद जिले के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने संसाधनों के साथ अधिकाधिक संख्या में विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल हों। साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए मंडल स्तर के माध्यम से वार्ड एवं बूथ कमेटियों के गठन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को निर्देशित किया गया है कि ब्लॉक अध्यक्षों के माध्यम से प्रभारी नियुक्त कर सभी बूथ और वार्ड कमेटियों का गठन सुनिश्चित करें तथा एक माह के भीतर इसका विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजें।

बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव ने कहा कि बलरामपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से रायपुर की दूरी अधिक होने के कारण आने-जाने में तीन दिन तक का समय लग जाता है, इसके बावजूद जिले के कांग्रेसजन ‘महाराज साहब’ के नेतृत्व में विधानसभा घेराव कार्यक्रम में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

वर्चुअल बैठक में पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, डॉ. अजय तिर्की, राजेन्द्र तिवारी, विजय पैकरा, अजय गुप्ता, राजीव सिंह, हरीश मिश्रा, अजय सोनी, नन्हे लाल गुप्ता, संजीव गुप्ता, अब्दुल्ला, नीरज तिवारी, समीर सिंह देव, सुनील सिंह, जितेंद्र गुप्ता, राजेन्द्र भगत, मोनीस अब्दुल्ला, दीपक यादव, अशोक जायसवाल और अश्विन यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव दिए।


अन्य पोस्ट