बलरामपुर

नाली निर्माण की ऊंचाई पर सहमति नहीं, बैठक बेनतीजा
14-Mar-2026 10:08 PM
नाली निर्माण की ऊंचाई पर सहमति नहीं, बैठक बेनतीजा

 एनएच-343 पर चक्काजाम की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,14 मार्च। नगर में एनएच द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण की ऊँचाई को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है।

 इसी मुद्दे पर स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक बेनतीजा रही, क्योंकि बैठक में विभाग के कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं हुए। अधिकारियों की अनुपस्थिति से नगरवासियों में भारी नाराजगी देखी गई और लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दे दी।

जानकारी के अनुसार, राजपुर नगर में बन रही नाली की ऊँचाई को लेकर नगरवासियों, सरगुजा सांसद, क्षेत्रीय विधायक तथा एनएच के अधिकारियों के साथ पूर्व में कई बार बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।

शुक्रवार को एक बार फिर इस मुद्दे पर बैठक बुलाई गई थी, जिसमें नगरवासियों को उम्मीद थी कि अधिकारी उपस्थित होकर समस्या का समाधान बताएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

बैठक में पहुंचे एनएच के टीम लीडर अनिल कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि यदि नाली की ऊँचाई में किसी प्रकार का बदलाव कराना है तो इसके लिए दिल्ली स्थित मंत्रालय में जाकर बात करनी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की गई है, उसी के अनुसार निर्माण कार्य किया जाएगा।

इस बयान के बाद नगरवासियों में आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि नाली की अधिक ऊँचाई से भविष्य में जलभराव और अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। समाधान नहीं निकलने पर नगरवासियों ने राजपुर एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए एनएच-343 पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।

नगरवासियों ने सात सूत्रीय मांगों के साथ ज्ञापन सौंपते हुए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर नाली की ऊँचाई कम करने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे वृहद आंदोलन करते हुए एनएच-343 पर चक्काजाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, प्रवीण अग्रवाल, प्रदीप जायसवाल, राकेश अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, पिंटू अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, छोटन गुप्ता, बंटी अम्बष्ट, रजत केशरी, सतेन्द्र अग्रवाल, शुभम सोनी, अभिषेक जायसवाल, भीम बंसल, संजय सोनी, पूरन चंद जायसवाल, सुरेंद्र अग्रवाल, सत्यनारायण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट