बलरामपुर

बलरामपुर में अवैध अफीम की खेती, 3.67 एकड़ में लगी फसल जब्त
12-Mar-2026 11:17 PM
बलरामपुर में अवैध अफीम की खेती, 3.67 एकड़ में लगी फसल जब्त

4.75 करोड़ के 43 क्विंटल पौधे बरामद, 7 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 12 मार्च। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में करीब 43 क्विंटल अफीम के पौधे जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च को कुसमी थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम त्रिपुरी में रूपदेव राम भगत और कौषिल भगत के खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुसमी, थाना प्रभारी, एसएफएल टीम तथा प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान खेत में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती पाई गई। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम रूपदेव राम भगत, कौषिल भगत, मनोज कुमार, जिरमल मुण्डा, उपेन्द्र कुमार, विन्देष्वर और कृष्णा सिंह बताए। टीम ने खेत से दो डब्बों में भरा अफीम का लासा, चार बड़ी बोरी और एक छोटी बोरी में रखे सूखे अफीम के फल बरामद किए। इसके साथ ही खेत में लगे अफीम के पौधों को जड़, तना, पत्ती, फूल और फल सहित उखाडक़र जब्त किया गया।

जब्त किए गए अफीम के पौधों और सामग्री का कुल वजन 4344.569 किलोग्राम पाया गया। प्रशासन के अनुसार 1.488 हेक्टेयर (करीब 3.67 एकड़) भूमि में यह अवैध खेती की जा रही थी। राजस्व रिकॉर्ड में यह भूमि पड़ती दर्ज है, जहां सामान्यत: खेती नहीं की जाती है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत मामला दर्ज कर सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है और आर्थिक लेन-देन सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट