बलरामपुर

कुसमी में 4-5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, किसान कांग्रेस ने उठाए सवाल
11-Mar-2026 9:40 PM
कुसमी में 4-5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, किसान कांग्रेस ने उठाए सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 11 मार्च। जिले के जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसरा गांव में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। सूचना के आधार पर कुसमी पुलिस ने मौके पर दबिश देकर लगभग 4 से 5 एकड़ भूमि पर लगी अफीम की अवैध फसल का खुलासा किया। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए फसल को नष्ट कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घोसरा क्षेत्र में लंबे समय से अफीम की अवैध खेती किए जाने की चर्चा चल रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेतों की जांच की, जहां बड़ी संख्या में अफीम के पौधे पाए गए। इसके बाद पुलिस ने खेतों को चिन्हित कर फसल नष्ट करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में 4 से 5 एकड़ भूमि पर अफीम की खेती एक-दो दिन में संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए काफी समय लगता है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इतने लंबे समय तक प्रशासन और संबंधित विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध खेती के पीछे किन लोगों का हाथ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हडक़ंप की स्थिति है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

इधर इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बृजेश मिश्रा ने भी गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश को धान का कटोरा कहा जाता है, वहां इस तरह से अफीम की अवैध खेती का सामने आना चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि 4–5 एकड़ जैसे बड़े रकबे में अफीम की खेती होना यह दर्शाता है कि यह कार्य संगठित तरीके से किया गया होगा, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि इस अवैध खेती में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन पर इस प्रकार के नशे से जुड़े अवैध कारोबार का पनपना प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक ढांचे के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए सरकार और प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट