बलरामपुर

एनएच-343 निर्माण में देरी के खिलाफ कांग्रेस का ज्ञापन, 16 को सांकेतिक चक्काजाम का ऐलान
11-Feb-2026 10:58 PM
एनएच-343 निर्माण में देरी के खिलाफ कांग्रेस का ज्ञापन, 16 को सांकेतिक चक्काजाम का ऐलान

सडक़ की बदहाल स्थिति, धूल और दुर्घटनाओं पर जताई चिंता, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 11फरवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य और बदहाल सडक़ की स्थिति के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने 16 फरवरी को सांकेतिक चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की हालत किसी से छिपी नहीं है। सडक़ पर बने गड्ढों और उड़ती धूल से आम नागरिक, वाहन चालक और व्यापारी वर्ग परेशान हैं। लोगों की मांग है कि सडक़ का निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए, लेकिन स्थानीय स्तर पर नाली निर्माण को लेकर विवाद और प्रशासनिक लापरवाही के कारण कार्य में देरी हो रही है।

निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले चार महीनों से अंबिकापुर से पस्ता तक सडक़ का नवनिर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन जगह-जगह सडक़ की खुदाई कर दी गई है और बिना वैकल्पिक मार्ग सूचना, चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग के गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उड़ती धूल के कारण लोग गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं, वहीं व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। सडक़ पर पानी छिडक़ाव केवल औपचारिकता बनकर रह गया है।

नगर पंचायत क्षेत्र राजपुर में नाली निर्माण के नाम पर सडक़ के दोनों ओर खुदाई कर मिट्टी का ढेर छोड़ दिया गया है, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है।

कांग्रेस ने निर्माण एजेंसी पर मनमानी और धीमी गति से कार्य करने का आरोप लगाते हुए विभागीय निगरानी के अभाव की बात कही।

16 को नवकी मोड़ में चक्काजाम की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कई बार प्रशासन से सडक़ निर्माण में तेजी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसी स्थिति में 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे नवकी मोड़, राजपुर में सांकेतिक चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, डॉ. बी.एन. द्विवेदी, सुनील सिंह, जितेंद्र गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी, राहुल भारती, पंकज यादव, सुरेश सोनी, रवि सोनी, मानू चौबे, देवबली सिंह, संजीव गुप्ता, रामबिहारी यादव, विकास यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट