बलरामपुर
नाली निर्माण का मलबा और साप्ताहिक बाजार बना परेशानी की वजह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 18 जनवरी। निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर राजपुर नगर में रविवार को भारी जाम की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नाली निर्माण के लिए सडक़ों के दोनों ओर डाले गए मलवा और साप्ताहिक बाजार की भीड़ के कारण नगर के प्रमुख मार्गों पर घंटों तक यातायात बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार इन दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर सडक़ निर्माण कार्य जारी है। इसी के साथ राजपुर नगर में नाली निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। रविवार को पुराने पोस्ट ऑफिस से लेकर थाना क्षेत्र तक सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में दोपहिया, चारपहिया सहित भारी वाहन फंसे रहे, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
रविवार होने के कारण राजपुर में साप्ताहिक बाजार भी लगा हुआ था। बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ और सडक़ किनारे खड़े वाहनों के चलते यातायात और अधिक प्रभावित हुआ। वहीं नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों से निकला मलबा सडक़ के दोनों ओर पड़ा होने से सडक़ की चौड़ाई काफी कम हो गई है, जिससे वाहनों का सुचारु आवागमन संभव नहीं हो पा रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य की गति अत्यंत धीमी है। लंबे समय से सडक़ पर फैला मलबा नहीं हटाए जाने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और कार्यालय जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा सडक़ किनारे जमा मलबे को शीघ्र हटाया जाए, ताकि नगर में यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके।


