बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,/बलरामपुर, 15 दिसंबर। शीतलहर के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम में नमी और तापमान गिरने के कारण अंबिकापुर समेत पूरे सरगुजा संभाग में घना कोहरा देखने को मिला। सडक़ों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 20 मीटर ही रह गई। घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।
बलरामपुर जिला में सोमवार की सुबह घने कोहरे के कारण अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर जमाई के पास एक कार और ड्डट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार बुरी तरह डैमेज हो गई, जबकि उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
घायलों में छोटू पुरी व उनकी पत्नी, छोटू के मामा राजेंद्र पुरी, छोटू की मां और उनके तीन बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र क्रमश: 7 वर्ष, 8 वर्ष और 5 वर्ष बताई जा रही है। सभी घायल रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 12 के निवासी हैं। हादसे में सबसे अधिक चोट छोटू के मामा राजेंद्र पुरी को सिर पर आई है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग उत्तर प्रदेश के डाला स्थित एक मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड
सरगुजा में पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया है। सर्द हवाओं के कारण शाम होते ही सडक़ों पर लोगों की आवाजाही कम होने लगी है।
मौसम में नमी बढऩे और न्यूनतम तापमान में कमी के कारण सरगुजा में रविवार रात से कोहरा छाने लगा। सोमवार सुबह कोहरा और घना हो गया। घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 20 मीटर ही रह गई। सुबह 8.30 बजे तक घना कोहरा मैदानी इलाकों में दिखा, इसके बाद कोहरे का असर कम होने लगा।
उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने शीतलहरों का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक उत्तरी शीतलहरों के कारण सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने कहा कि शीतलहरों का असर दिखेगा और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। मौसम में नमी के कारण कोहरा छा रहा है। आगामी दिनों में भी घने कोहरे का असर दिख सकता है।


