बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता-
राजपुर, 5 दिसंबर। अन्तरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर राजपुर जनपद पंचायत के सभाकक्ष में दिव्यांग जनों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
जनपद पंचायत के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष विनय भगत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजपुर संजय कुमार दुबे के नेतृत्व में जनपद पंचायत राजपुर के क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों से आये हुए दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ सर्वप्रथम जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात् उपस्थित दिव्यांगजन का सम्मान पुष्पहार, सॉल और श्रीफल देकर किया गया। इस अवसर पर दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्रायसायकल एवं छड़ी का वितरण किया गया।
जनपद पंचायत राजपुर अध्यक्ष विनय भगत ने दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं को सुनते हुए उनके जीवन के प्रति सकारात्मक नजरीए और साहस की तारीफ करते हुए हौसला अफजाई की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे ने दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन में आने वाली विभिन्न समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की शासन की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष विनय भगत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य उदय यादव सहित जनपद पंचायत राजपुर के समस्त अधिकारी, कर्मचारीगण एवँ समस्त ग्राम पंचायतों के सचिवगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


