बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 16 नवम्बर। जिले में किसान अपने खेतों-खलिहानों में धान की फसल काटने और मिसाई में जुटे हुए हैं। इसी के साथ ही मुख्यमंत्री के मंशानुरूप 15 नवंबर से जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है।
शासन द्वारा धान का समर्थन मूल्य 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है और समितियों में 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल धान बेचने के लिए किसानों में उत्सुकता देखी जा रही है। फसल कटाई में जुटे ग्राम सरनाडीह के कृषक श्री मुगेश्वर सिंह ने बताया कि 15 नवम्बर से धान खरीदी का कार्य प्रारंभ हुआ है। मेरे यहां धान की फसल की कटाई कर मिंजाई का कार्य हो रहा है। वे कहते है कि मिंजाई का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद वे टोकन लेने के लिए समिति जायेंगे और समिति में अपना धान बेचेंगे।
इसी प्रकार ग्राम जतरों के कृषक श्री बिहारी का कहना है अभी हमारे यहां धान की कटाई चल रही है, और वे धान को बेचने के लिए उत्सुक हैं। उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने और राज्य सरकार द्वारा 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी करने से हमें आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा। अभी मैं फसल की कटाई और मिसाई दोनो कर रहा हूं। मिसाई हो जाने के बाद मैं समिति में अपना धान बेचने के लिए उत्सुक हूं, क्योंकि मुझे 31 रुपये प्रति किलो दर से धान का दाम मिलेगा। धान खरीदी 31 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी। इस खरीफ सत्र में प्रशासन के द्वारा बेहतर इंतजाम किए गए है। समिति केंद्रों में बारदाने की उपलब्धता, किसानों के लिए समुचित सुविधाएं की गई है, ताकि उन्हें धन बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। धान की अच्छी पैदावार और उचित मूल्य पर खरीदी की शुरुआत से किसानों में उत्साह है और वे अपनी फसल का उचित दाम पाने के लिए तैयार हैं।


