बलरामपुर

मछली पकड़ते युवक एनीकट में बहा, तलाश जारी
15-Oct-2025 10:54 PM
मछली पकड़ते युवक एनीकट में बहा, तलाश जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 15 अक्टूबर। नगर के वार्ड क्रमांक 14 निवासी एक युवक आज दोपहर मछली पकड़ते समय एनीकट में बह गया। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशी भुइंया बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे  मच्छरदानी से मछली पकडऩे का जुगाड़ बनाकर एनीकट के पहले गेट पर बैठकर मछली मार रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, और वह संतुलन खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने स्वयं को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के चलते वह बहने लगा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक को लगभग 100 मीटर तक पानी में बहते देखा गया, जिसके बाद वह नजऱों से ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया।

 

फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने शाम 6 बजे तक उसका कुछ भी पता नहीं चल सका है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों में गहरी चिंता और शोक का माहौल है।

यह हादसा एनीकट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े करता है, जहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं दिखते। परिजन युवक की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं, वहीं प्रशासन द्वारा सर्च ऑपरेशन तेज करने की मांग की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि पत्थरों के बीच फंसा होगा। एनीकट के नीचे काफी पत्थर है।

अब तक छह लोगों की मौत

एनीकट को बनाने में करीब 9 करोड़ रुपए खर्च किए गए, परंतु एनीकट का कार्य आज तक पूरा नहीं हुआ है। डाउन स्ट्रीम फ्लोर का फर्श नहीं बना है, जिस कारण से एनीकट से गिरने के बाद कोई संभल नहीं पाता है एवं मौत निश्चित होती है। एनीकट क्षतिग्रस्त सरिया एवं पत्थर लोगों के लिए जानलेवा है। अब तक छह लोगों की मौत इसके कारण हो गई है।


अन्य पोस्ट