बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,12 अक्टूबर। जिले के त्रिकुंड थाना क्षेत्र के ग्राम महुली (गिनवा पारा) में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के पास स्थित मजीठा बांध तालाब में मां और बेटी की लाश तैरती हुई मिली। मृतका महिला का नाम अंकिता पंडो और उसकी बेटी का नाम खुशबू बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात तक दोनों अपने घर पर मौजूद थीं, लेकिन शनिवार सुबह से लापता थीं। रविवार सुबह जब पति तालाब के पास गया तो उसने दोनों के शव को पानी में तैरते देखा। उसने तुरंत इस बात की सूचना त्रिकुंड थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। घटना की सूचना पूरे गांव में फैलते ही मातम और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की दर्दनाक घटना से पूरा गांव सदमे में है।
पुलिस ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि यह आत्महत्या है या किसी आपराधिक वारदात का नतीजा। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।


