बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,29 सितम्बर। महादेवपुर में दीन हीन सेवा समिति एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग बलरामपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्वस्थ नारी - सशक्त परिवार अभियान के तहत नि:शुल्क विशाल चिकित्सा शिविर एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने शिविर का अवलोकन किया और समिति के समाजसेवी कार्यों की सराहना की। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, बीमारियों से बचाव एवं स्वास्थ्य शिक्षा के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया।
समिति की संचालक मनीषा सिंह ने बताया कि संस्था लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला उत्थान, नशा मुक्ति एवं सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय योगदान दे रही है। उनके प्रयासों से पूर्व में भी हजारों ग्रामीण चिकित्सा सेवाओं से लाभान्वित हो चुके हैं।
शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत सिंह, जनपद सीईओ रणवीर साय,डीपीएम एनएचएम स्मृति एक्का,बीएमओ डॉ. महेश गुप्ता, बीपीएम गुलाब डहरिया, आजीविका मिशन के बीपीएम कुश गुप्ता,मनोज गुप्ता सहित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की जांच एवं उपचार किया।
शिविर में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, जिला उपाध्यक्ष बलवंत सिंह, जिला पंचायत सभापति मुंशीराम, जनपद उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, मंडल अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, जनपद सदस्य राजकुमार पुसाम, सरपंच हरिहर कृपाल कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि यह शिविर उनके लिए वरदान साबित हो रहा है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख पा रहे हैं।


