बलरामपुर

एफएमडी टीकाकरण अभियान जारी
28-Sep-2025 10:08 PM
एफएमडी टीकाकरण अभियान जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज, 28 सितंबर। छत्तीसगढ़ शासन के पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले में पशुओं को मुंह पका-खुर पका बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।

जिला उपसंचालक डॉ. शिशिरकांत पांडेय के निर्देशन एवं विकासखंड रामचंद्रपुर के अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. एस.एस. सेंगर के मार्गदर्शन में विकासखंड के 113 ग्रामों एवं नगर पालिका परिषद रामानुजगंज में 27 टीकाकरण दल गठित किए गए हैं। अभियान के तहत कुल 1,12,885 गौवंशीय एवं भैंसवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाना है।

15 सितंबर से प्रारंभ हुआ यह अभियान 30 अक्टूबर 2025 तक संचालित होगा। अब तक 15,468 पशुओं में सफलतापूर्वक एफएमडी का टीका लगाया जा चुका है, जबकि शेष सभी पशुओं का टीकाकरण निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. सेंगर ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने-अपने गौवंशीय एवं भैंसवंशीय पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएँ, ताकि यह संक्रामक बीमारी फैलने से रोकी जा सके।


अन्य पोस्ट