बलरामपुर

रामानुजगंज में निकाली तिरंगा यात्रा
12-Aug-2025 10:36 PM
रामानुजगंज में निकाली तिरंगा यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नगर में कई गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जगह-जगह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। तिरंगा कंसर्ट, विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जिसमें स्कूली बच्चें, जनप्रतिनिधि सहित आमजन बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे है। इसी कड़ी में  नगरपालिका परिषद रामानुजगंज में लरंगसाय चौक से टाउन हाल तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। सभी ने तिरंगा हाथ में लेकर देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा हमारी शान है जो हमें याद दिलाता है कि आजादी हमें यूं ही नहीं मिली, इसके लिए हमारे अनगिनत वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में शहीदों के प्रति सम्मान और देश प्रेम की भावना जागृत करना है। हर घर तिरंगा अभियान इसी गौरवशाली इतिहास को हर नागरिक तक पहुंचाने का माध्यम है। इस दौरान श्री अग्रवाल ने नगर वासियों से 15 अगस्त के दिन अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील भी की। इस दौरान नगर का पूरा वातावरण तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर तिरंगा कॉन्सर्ट सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालयीन छात्र छात्राओं ने देशभक्ति  गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीतों पर उपस्थित जनों ने उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति के गीतों की गूंज ने पूरे माहौल को भावनात्मक बना दिया। तिंरगा यात्रा में जनपद अध्यक्ष मुद्रिका सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम, जनपद सीईओ रणवीर साय, तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुधीर कुमार सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजुद रहे।

बच्चों की रंगोली से खिला देशभक्ति का रंग

हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत जिले के विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है, स्कूली बच्चों के द्वारा रचनात्मक और देश प्रेम का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए रंगोली बनाकर देश भक्ति का संदेश दे रही है। रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने तिरंगा, अशोक चक्र को रंगो के माध्यम से उकेरा गया। छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के महत्व को समझाने और राष्ट्रीय एकता को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया है।


अन्य पोस्ट