बलरामपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,11 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन के आह्वान पर भाजपा बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा जिला कार्यालय के सभा कक्ष में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में गुरु पूर्णिमा उत्सव के अवसर पर गुरुओं का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भजन मंडली आरागाही द्वारा गुरु एवं शिष्य की महिमा का बखान करते हुए गुणगान किया गया।
गुरु पूर्णिमा उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने कहा कि यह पर्व सिर्फ हिंदुओं में ही नहीं बल्कि बौद्ध धर्म और जैन धर्म के लिए भी खास माना जाता है।हिंदू पंचांग के अनुसार,आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा मनाते हैं,इस दिन महर्षि वेदव्यास का जन्म भी हुआ था इसलिए इसे व्यास पूर्णिमा भी कहते हैं।
गुरु पूर्णिमा उत्सव को शासकीय नवीन महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉक्टर अर्चना गुप्ता के द्वारा गुरु एवं शिष्य की महिमा को बखान करते हुए उपस्थित छात्र-छात्राओं को समय प्रबंधन व आत्म निर्भर बनने की सिख दी गई। कार्यक्रम को संयोजक मुन्ना लाल चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा जिला महामंत्री दीनानाथ यादव ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के सह संयोजक भानु प्रकाश दीक्षित के द्वारा बताया गया कि जिले के सभी 13 मंडलों में 277 विभिन्न सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले गुरुओं का भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा शाल श्रीफल एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया। उनके द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार व्यक्त करते हुए उपस्थित छात्र- छात्राओं से एक पेड़ गुरु के नाम लगाने का आह्वान किया गया ।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह, बंशीधर गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष लोधिराम एक्का , उपाध्यक्ष दिलीप सोनी,बिहारी पाल, जि़ला मीडिया सह प्रभारी अजय यादव,दिवाकर मुखर्जी, निखिल मित्र,बलरामपुर मंडल अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, गुरुदेव सिंह, रजनी सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं सम्मानित होने वाले गुरुजन छात्र- छात्राओं मौजूद थे।