बलरामपुर

रामानुजगंज में नितिन नबीन का जोरदार स्वागत
07-Jul-2025 10:40 PM
रामानुजगंज में नितिन नबीन का जोरदार स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 7 जुलाई। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन मैनपाट में आयोजित भाजपा के चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए सडक़ मार्ग से झारखंड होते मध्य रात्रि रामानुजगंज पहुंचे। इस दौरान छत्तीसगढ़ सीमा में प्रवेश करते ही भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल और नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के मार्गदर्शन में अंतरराज्यीय बैरियर पर पूर्व पार्षद मुकेश जायसवाल एवं विकास अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य आतिशबाजी फूल माला के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

 गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के द्वारा सांसदों विधायकों के लिए तीन दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में किया गया है, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह समेत प्रदेश के समस्त सांसद विधायकों के सम्मिलित होने का अनुमान है। नितिन नबीन उक्त चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए सडक़ मार्ग से चलकर पटना बिहार से झारखंड होते रामानुजगंज पहुंचे थे, जहां रात्रि विश्राम के बाद अल सुबह मैनपाट के लिए निकल गए।

  मध्य रात्रि में भव्य आतिशबाजी के साथ स्वागत से अभिभूत छत्तीसगढ़ पहुंचे  भाजपा प्रदेश प्रभारी नीतिन नबीन ने छत्तीसगढ़ की विष्णु देव सरकार की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जन भावनाओं के अनुरूप समाज के सभी वर्गों के लिए विकास कार्य हो रहे हैं।

 


अन्य पोस्ट