बलरामपुर

राजीव गांधी आदर्श विद्यालय की रजत जयंती मनाई
02-Jul-2025 11:35 AM
राजीव गांधी आदर्श विद्यालय की रजत जयंती मनाई

प्ले स्कूल का भी शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 1 जुलाई। नगर के महुआपारा में स्थित राजीव गांधी आदर्श विद्यालय में अपने 25वां वर्ष पूरे होने के अवसर पर रजत जयंती मनाई। इस अवसर पर स्कूल में नौनिहाल बच्चों के लिए प्ले स्कूल का भी शुभारंभ किया गया।

     कस्बानुमा राजपुर में चंद शिक्षा ग्रहण कर रहे युवाओं ने मिलकर वर्ष 2000 में निजी भवन में राजीव गांधी आदर्श विद्यालय की स्थापना की थी। इन बीते पच्चीस वर्षों में राजीव गांधी आदर्श विद्यालय से दर्जनों की संख्या में मेहनती शिक्षकों व प्रतिभावान छात्र बेहतर अध्यापन-अध्ययन के बुते प्रशासनिक अधिकारी डॉक्टर इंजीनियर शिक्षक जैसे पदों को शोभायमान कर रहे हैं। विद्यालय ने जहां प्रतिभावान बच्चों के नींव को मजबूत किया, वहीं क्षेत्र में शिक्षा की ज्योति को निरंतर जगाए रखा जिससे कि आज वो अपने कार्यक्षेत्र में अपनी प्रतिभा से अपने माता पिता शिक्षक व अपने नगर का नाम रोशन करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रहें हैं।

रजत जयंती पर प्ले कक्षा के शुभारंभ पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजपुर व्यवहार न्यायलय के वरिष्ठ न्यायाधीश आलोक पांडेय ने कहा कि शिक्षक ही हम सभी को ज्ञान देकर हमें प्रशासनिक अधिकारी डॉक्टर इंजीनियर व अन्य क्षेत्रों के लिए प्रतिभावान बनाते हैं। हमें हमेशा अपने शिक्षकों के बताए राह का अनुसरण के साथ ही शिक्षकों का आदर करना चाहिए और अपनी रूचि अनुसार पढ़ाई में मन लगाकर करना चाहिए।

न्यायाधीश ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम को कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, सुनील सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में संतोष सिंह वार्ड पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता प्राचार्य शकुंतला गुप्ता पुष्पा तिग्गा आभा सिंह अनीस गुप्ता सहित स्कूल के शिक्षक अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित थे।

इस अवसर पर नव प्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर शाला प्रवेश उत्सव मनाया।

 कार्यक्रम में मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन संस्था के संरक्षक जितेंद्र गुप्ता ने किया।


अन्य पोस्ट