बलरामपुर
किसान सम्मेलन में कांग्रेस को जमकर कोसा भाजपा पदाधिकारियों ने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुसमी, 30 अप्रैल। भाजपा किसान मोर्चा बलरामपुर के बैनर तले जिलाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी की मौजूदगी में कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मदगुरी में शुक्रवार को किसान मोर्चा की प्रथम जिला कार्यसमिति की बैठक के साथ-साथ किसान सम्मेलन हुआ। इसके साथ ही मदगुरी से आगामी विस चुनाव की तैयारी का आगाज भी शुरु कर दिया गया।
ग्रामीणों व किसानों के बीच भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कांग्रेसी सरकार व स्थानीय विधायक को जमकर कोसा तथा भाजपा को प्रचंड बहुमत से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने सभी से अपील की।
शुक्रवार को ग्राम पंचायत मजगुरी में पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष उद्धेश्वरी पैकरा, पूर्व जनपद पंचायत कुसमी के उपाध्यक्ष सह किसान मोर्चा प्रदेश सदस्य जन्मजय सिंह, बलरामपुर किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुन्ना लाल चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश्वर ओझा, बलरामपुर जिला पंचायत सदस्य हिरामुनी निकुंज सहित अन्य पदाधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए भाजपा की रीति-नीति के अनुसार उन्हें भगवा गमछा पहनाकर श्रीफल नारियल से सम्मानित किया, वहीं भाजपा किसान मोर्चा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी के माध्यम से किसानों को स्थाई विद्युत कनेक्शन नहीं देने के संबंध में राज्यपाल राजभवन रायपुर को ज्ञापन सौंपा। किसानों को हो रही परेशानियों के संबंध में ज्ञापन में विधिवत किसानों की समस्याओं के बारे में राज्यपाल को अवगत कराया।
किसान सम्मेलन में उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि कुछ दिन पूर्व से तेंदूपत्ता का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत आई है। इस ओर पहल करने के उद्देश्य मेरे द्वारा रेंजर से बात करने का प्रयास किया गया, किंतु संपर्क नहीं हो सका है। आज किसानों का चिंता करने वाला कोई नहीं है। किसान कहां जाए, अपनी बात कहां रखे, इसकी कोई चिंता नहीं है, विधायक चिंतामणि को सिर्फ अपनी चिंता है।
आने वाले समय में भाजपा का मुखिया चुनने की बात कहते हुए कहा कि सामरी विधानसभा का विकास अच्छा मुखिया चुनने से ही होगा। किसी के लोक लुभावन में नहीं आना है। हमारे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन बहन को साड़ी बांटी जा रही है, जो सामग्री मिल रही है उसे लेने की सलाह देते हुए वोट अपने हिसाब से देने की अपील करते हुए ग्रामीणों को लोकलुभावन से दूर रहने कहा।
कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेसी लोग साढ़े 4 साल में 36 वादा पूरा न कर सकें तो अब 5 साल बीतने को है तो वादा कहां से पूरा कर पाएंगे इसे सब जानते हैं।
भाजपा के कद्दावर नेता जन्मजय सिंह ने कहा आज क्षेत्र में जो भी काम हुआ है, वह भाजपा व पूर्व विधायक सिद्धनाथ पैकरा का देन है। कांग्रेस ने देश में सामाजिक राजनीति करके देश में लोगों को बांट दिया है। देश आजाद होने के समय से कांग्रेस जाति समीकरण की राजनीति कर रही है। देश में 10 साल से मोदी की सरकार है, किसी के लिए अलग मुल्क बनाने का प्रयास नहीं किया गया है। जाति धर्म से दूर रहने की सलाह देते हुए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने की अपील ग्रामीणों से की।
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी ने भी किसानों को संबोधित किया तथा भाजपा की सरकार बनाने की बात कही। कांग्रेस के अवगुणों को भी बताया तथा किसानों को बिजली की समस्या ग्रसित बताते हुए कहा- हाफ बिजली बिल का प्रलोभन देकर सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कांग्रेस ने की है।
बलरामपुर जिला पंचायत सदस्य हीरामुनि निकुंज ने कहा कि रमन सरकार में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों को बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही महिलाओं सहित सभी वर्गों का ख्याल रखती हैं श्रीमती निकुंज ने मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाए जा रहे योजनाओं को बताया, इसके साथ ही साथ भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ राज्य में सरकार बनाने के लिए उपस्थित ग्रामीणों को प्रेरित किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने स्थानीय
विधायक पर कसा तंज
भाजपा के वरिष्ठ नेता उमेश्वर ओझा ने राज्य में भाजपा सरकार द्वारा कराए गए कार्यों को ग्रामीणों के बीच रखा तथा भाजपा को जनता की सुख दुख के साथ चलने वाला कर्मठ पार्टी बताया।
कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा बलरामपुर के जिला मीडिया प्रभारी राकेश भारती ने किया। कार्यक्रम का समापन एवम आभार व्यक्त किसान मोर्चा जिला मंत्री मुरारी सोनी ने किया।
कार्यक्रम में बलरामपुर जिला के किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी, जिला पंचायत सदस्य हीरामुन्नी निकुंज , पूर्व जनपद उपाध्यक्ष जन्मजय सिंह , वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश्वर ओझा,किसान मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी राकेश भारती, सोशल मीडिया प्रभारी किसान मोर्चा ऋषभ तिवारी , किसान मोर्चा जिला मंत्री मुरारी सोनी , अल्प संख्यक पूर्व मंडल अध्यक्ष मो समीम, नंदू कश्यप , रामप्रीत कुशवाहा , राजेंद्र कुशवाहा , विनायक सोनवानी सहित हजारों भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण जनता उपस्थित थे।


