बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 25 नवंबर। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक उचित दर पर उपलब्ध कराने तथा कृषि आदान विक्रय में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले के कृषि सेवा केंद्रों एवं कृषि आदान विक्रय प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड बलरामपुर स्थित कृपा कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में बीज अधिनियम 1966 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए बीजों की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया। इस पर कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न कंपनियों के कुल 7.39 क्विंटल बीज जब्त किए। जब्त बीजों में 5 क्विंटल गेहूं, 1.55 क्विंटल सरसों तथा 0.84 क्विंटल मक्का के बीज शामिल हैं।
इसी तरह प्रतिष्ठान में कीटनाशी अधिनियम 1968 एवं 1979 के प्रावधानों का उल्लंघन भी पाया गया। इसके तहत विभाग ने विभिन्न कंपनियों के कुल 42 लीटर तरल कीटनाशक तथा 25 किलोग्राम अन्य कीटनाशक उत्पादों को जब्त किया।
कृषि विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को निर्देशित किया है कि जब्त किए गए बीज एवं कीटनाशकों की अगले आदेश तक बिक्री नहीं की जाए और न ही उन्हें निर्धारित भंडारण स्थल से हटाया जाए। विभाग द्वारा वैध अनुज्ञप्ति एवं निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से कृषि आदान विक्रय प्रतिष्ठानों में नियमों के पालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है। विभाग ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने तथा अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रखने की बात कही है।