बलरामपुर

शासन के आदेश के बीच आत्मानंद स्कूल की शुल्क वसूली पर सवाल, 16 मदों में तय की गई फीस
25-Nov-2026 11:18 PM
 शासन के आदेश के बीच आत्मानंद स्कूल की शुल्क वसूली पर सवाल, 16 मदों में तय की गई फीस

बलरामपुर, 25 नवंबर। विकासखंड कुसमी के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय चांदो में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए निर्धारित शुल्क को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विद्यालय की शुल्क सूची में कुल 16 मदों का उल्लेख है और विद्यार्थियों से राशि वसूले जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क के निर्धारण और उसकी स्वीकृति को लेकर अभिभावकों में चर्चा है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने नए शिक्षा सत्र के लिए हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर पर सात मदों में स्थानीय शुल्क वृद्धि को मंजूरी दी है। इनमें गतिविधि शुल्क, निर्धन छात्र सहायता निधि, विज्ञान क्लब, बालचर, रेडक्रॉस, क्रीड़ा निधि और विज्ञान प्रायोगिक शुल्क शामिल हैं।

वहीं, चांदो के आत्मानंद विद्यालय की सूची में इन सात मदों के अलावा परीक्षा शुल्क, प्रवेश आवेदन, शाला विकास निधि और वार्षिक उत्सव सहित कुल 16 मदों में शुल्क निर्धारित किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अतिरिक्त मदों के लिए किस सक्षम समिति या विभाग से अनुमति ली गई है।

जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों से निर्धारित शुल्क की वसूली की जा चुकी है। ऐसे में अभिभावक जानना चाहते हैं कि किस मद में कितनी राशि ली गई और उसके निर्धारण का आधार क्या है। शिक्षा विभाग से शुल्क सूची और संबंधित स्वीकृति आदेश की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की अपेक्षा की जा रही है।फिलहाल विद्यालय प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शुल्क निर्धारण शासन के नियमों के अनुरूप किया गया है या नहीं।


अन्य पोस्ट