बलरामपुर
किसान मोर्चा की पहली बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 8 अप्रैल। भाजपा मंडल किसान मोर्चा की प्रथम बैठक चौधरी गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष उद्धेश्वरी पैकरा, जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक सिद्धनाथ पैकरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा शिवनाथ जयसवाल, जिला महामंत्री संजय सिंह, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा मुन्नालाल चौधरी एवं अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गोपाल साहू ने की।
स्थानीय चौधरी गेस्ट हाउस में आयोजित किसान मोर्चा की प्रथम बैठक को संबोधित करते हुए उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि भाजपा की रीढ़ संगठन के कार्यकर्ता होते हैं, कार्यकर्ताओं के दम पर कई राज्यों एवं केंद्र में भाजपा की सरकार है। राज्य में पूर्व में 15 वर्षों तक हम सरकार में थे और किसानों का धान बिना जांच के लेते थे, किसी से किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता था।

भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे जवाबदारी वाली मोर्चा किसान मोर्चा है, अपने मोर्चा के माध्यम से किसानों व मजदूरों को जोड़ कर भाजपा को मजबूत बनाना है। कांग्रेस ने किस तरह लोगों को अपने जाल में फंसाया, ये किसी छिपी नहीं है। साढ़े चार साल बीत गए, किसानों को अपने पैसे के लिए बैंक में लाइन लगाते हुए। आज फिर से चुनाव आता देख कांग्रेस की भूपेश सरकार ने प्रलोभन का जाल फेंका है, इस बार 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदने का। पिछले बार 15 क्विंटल धान खरीद में किसानों को काफी परेशान कांग्रेस सरकार ने किया। घर, बाड़ी, कुआं, मेड़ सभी की कटौती किया गया, जिसमें किसानों का धान प्रति एकड़ 10 क्विंटल से भी कम खरीदी की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रलोभन में नहीं पडऩा है, भाजपा को जिताने के लिए प्रत्येक बूथ से कम से कम 10 किसानों को जोडऩा है, तभी आपकी मोर्चा व भाजपा दोनों मजबूत होगा।
भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मुन्ना लाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने किसानों को काफी परेशान किया। खाद की समस्या के लिए किसानों ने सोसाइटी समितियों से लेकर दुकानों तक के चक्कर लगाए। व्यापारियों के साथ मिलकर सरकार ने किसानों को खूब लूटा। पूर्व में बीजेपी सरकार के द्वारा चलाई जा रही किसान हित की सभी योजनाओं को कांग्रेस की सरकार ने पूर्णत: बंद कर दिया। भूपेश सरकार झूठे वादे कर के सत्ता में आई और किसानों को काफी परेशान कर रही है।
बैठक को पूर्व विधायक सिद्धनाथ पैकरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवनाथ जायसवाल, जिला महामंत्री संजय सिंह मंडल अध्यक्ष अनिल दुबे ने भी संबोधित किया।
बैठक में अनिल तिवारी, मुरारी यादव, विजय यादव, गोपाल साहू, रवि सिंह, प्रमेंद्र सिंह ,
ऋ षभदेव तिवारी, सुरेश यादव, संजय यादव, राजेश यादव सहित काफी संख्या में किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


