बलरामपुर
भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से हुई झड़प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे भाजपा कांग्रेस को घेरने का काम कर रही है। इसी तारतम्य में सामरी विधानसभा के राजपुर में भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के द्वारा कांग्रेस के विधायक व संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज के निवास को घेरकर मोर आवास मोर अधिकार के तहत विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन को राजपुर एसडीएम को सौंपा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में विशाल जुलूस निकालते हुए जैसे ही थाने के सामने पहुँचे, वहाँ पर पुलिस द्वारा पहले से उन्हें रोकने के लिए लगाई गई बेरिकेट्स पर रोकने की कोशिश की, परंतु भाजपा के कुछ कार्यकर्ता बेरिकेट्स को तोड़ते हुए पार करने में सफल रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जब जबरन बेरिकेट्स पार करने की कोशिश की तो पुलिस प्रशासन द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर फ़ायर बिग्रेड के गाड़ी से पानी का बौछार के उन्हें रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इनका आरोप है कि छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा छत्तीसगढ़ की जनता को केंद्र से मिलने वाले प्रधानमंत्री आवास की राशि को रोक दिया गया है जिससे लोगों का आवास नहीं बन पा रहा है, जिसका हम पुरजोर विरोध करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन के द्वारा कड़े सुरक्षा के इन्तजाम किये गए थे। विधायक निवास से लगे सडक़ के दोनों ओर बेरिकेडिंग लगाकर काफी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी झड़प भी देखी गई।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जयसवाल पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा उद्धेश्वरी पैकरा अंबिकेश केसरी संजय सिंह प्रवीण अग्रवाल विनय भगत संतोष पांडे अनिल तिवारी राजन त्रिपाठी उदय यादव मनोज अग्रवाल राजेश यादव अनिल दुबे प्यारेलाल जयसवाल कमला राम मुकेश गुप्ता शिव शंकर मरावी संजय जयसवाल सत्यनारायण गुप्ता तिला साय अंकुश सिंह सहित भारी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


