बलरामपुर

मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा, हो रहे कई आयोजन
30-Sep-2022 7:58 PM
मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा, हो रहे कई आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,30 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा विभिन्न आयोजन किया जा रहा है।

इसी तारतम्य में नरेंद्र मोदी के सफलतम प्रधानमंत्री के रूप में आठ वर्ष के कार्यकाल को लेकर जिला स्तरीय प्रबुद्ध जन एवं बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन स्थानीय मांगलिक भवन में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आरके पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति राजेश यादव, आरएसएस के जिला संघचालक सुभाष जयसवाल, गायत्री परिवार के टी आर शर्मा, पूर्व जनपद अध्यक्ष इंद्री मेहीलाल आयाम, डॉ सत्यम गुप्ता के विशेष उपस्थिति में आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता,नगरवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मोदी-20 बुक का विमोचन भी किया गया।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को शपथ ली, जिसके बाद से वे 24 घंटे देश सेवा के लिए कार्य कर रहे हैं। दूसरी बार उन्होंने 2019 में प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। उनके 8 साल बेमिसाल है।

उन्होंने देश को विकास के पथ पर अग्रसित करने के लिए कार्य किया। आज भारत का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई जन कल्याणकारी नीतियां बनी जिसका फायदा समाज के सबसे निचले वर्ग को मिल रहा है। कई ऐसे ऐतिहासिक कार्य हुए जिस पर हम सब को फक्र है। धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर का निर्माण सहित कई कार्यो ने इतिहास रच दिया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जयसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भ्रष्टाचार से मुक्त रहा। विपक्ष के पास आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने के लिए कोई मुद्दा नहीं है।
श्री जायसवाल ने प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों का बखान किया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आर के पटेल एवं विमलेश सिन्हा ने भी संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 साल के कार्यों का गुणगान किया।

इस दौरान नगर के वरिष्ठ नागरिकों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। नगर के वरिष्ठ नागरिकों के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की जमकर सराहना की।

इस दौरान मुन्ना लाल चौधरी, सुभाष केशरी, अनुराग शुक्ला, आर एस तिवारी, शैलेश गुप्ता, प्रमोद कश्यप, विजय रावत, पवन गुप्ता, अशोक केसरी, अजय केशरी, मुकेश जयसवाल, अशोक जैन, मेंहिलाल, सीताराम गुप्ता, महेश अग्रवाल, रमाशंकर दुबे उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट