बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,19 अगस्त। नगर सीमा से सटे वन वाटिका में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर विधायक बृहस्पत सिंह कलेक्टर विजय दयाराम के., डीएफओ विवेकानंद झा, जिला पंचायत सीईओ रीता यादव की उपस्थिति में नवनिर्मित कृष्ण कुंज का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों के द्वारा कृष्ण कुंज में पौधे भी रोपे। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों के द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। विधायक ने छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक बृहस्पत सिंह ने जिलेवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा,आस्था के अनुरूप कई कार्य किए गए, इसी कड़ी में आज कृष्ण कुंज का लोकार्पण हम सभी कर रहे हैं। जहां सांस्कृतिक महत्व के बरगद, पीपल, कदम ,नीम, आम, इमली, जामुन सहित अन्य कई प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे।
कलेक्टर विजय दयारम के ने जिले वासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि कृष्ण कुंज में परंपरागत व जीवन उपयोगी वृक्षों की अमूल्य विरासत का संरक्षण हो सकेगा। डीएफओ विवेकानंद झा ने छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी कृष्ण कुंज योजना के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला व वन विभाग की विभिन्न योजनाओं से लोगों को अवगत कराया।
इस दौरान एडिशनल एसपी प्रशांत कतलम,एसडीएम गौतम सिंह, रेंजर संतोष पांडे, मंडल संयोजक ओम प्रकाश गुप्ता, जनपद उपाध्यक्ष बीड़ी लाल गुप्ता पार्षद अशोक जायसवाल,उषा गुप्ता भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विकास दुबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विशेष पिछड़ी जनजाति के शिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र
विधायक बृहस्पत सिंह के द्वारा जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति के शिक्षित युवक-युवतियों को भृत्य एवं सहायक शिक्षक पद हेतु नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही वन अधिकार पट्टा का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों के उत्थान के लिए वचनबद्ध है, उनके उत्थान एवं प्रगति के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ताकि वह भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।


