बलरामपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर/रामानुजगंज, 21 दिसंबर। पढ़ई तुंहर दुआर अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें पठन कौशल विद्या, लेखन कौशल, गणितीय कौशल एवं हस्त पुस्तिका निर्माण कौशल पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड रामचंद्रपुर के कुल 48 संकुलों से आए हुए 76 विद्यार्थी शामिल हुए।
प्रतियोगिता एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय रामानुजगंज के प्रांगण कराई गई, जिसमें पठन कौशल विद्या में कुल 19 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंग्रेजी पठन में सौम्या सिद्दीकी ने प्रथम स्थान, गौतम कुमार ने द्वितीय स्थान एवं आशीष यादव ने तीसरा स्थान बनाए रखा।
हिंदी पठन में प्रथम स्थान यशोदा सिंह, द्वितीय स्थान सौम्या सिद्दीकी एवं तृतीय स्थान सुषमा कुशवाहा ने दर्ज कराया। इसी प्रकार लेखन कौशल में कुल 18 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिसमें प्रथम स्थान में चंद्रावती बड़ा, द्वितीय स्थान में अंजिला सिंह एवं तृतीय स्थान प्रियंका यादव ने हासिल किया।
गणितीय कौशल में कुल 20 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में अपनी उपस्थिति दी, जिसमें प्रथम स्थान पर गौरव गुप्ता, द्वितीय स्थान पर रमाकांत कुमार एवं संगम विश्वकर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार हस्त पुस्तिका निर्माण कौशल में 19 विद्यार्थी शामिल हुए जिसमें प्रथम स्थान साक्षी मंडल, द्वितीय यशोदा सिंह एवं तृतीय स्थान पर खुशबू राय रही।
इस प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की गई। सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश नारायण तिवारी,बीआरसी स्टीफन खलखो विनीत गुप्ता, प्रदीप चौबे ,रमन गुप्ता, अनिल तिवारी, आकाश गुप्ता मंगलेश्वर सिंह के सहयोग से प्रतियोगिता परीक्षा संपन्न कराई गई।