सरगुजा

चमत्कार के नाम पर 50 लोगों से ठगी, कथित बाबा बंदी
25-Nov-2026 11:25 PM
चमत्कार के नाम पर 50 लोगों से ठगी, कथित बाबा बंदी

जादू-टोने का भय दिखाकर ऐंठे लाखों रुपये

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 नवंबर। लोगों की परेशानियां दूर करने और चमत्कार के जरिए असंभव काम को संभव बनाने का दावा करने वाले कथित बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जादू-टोने और रूहानी शक्तियों का भय दिखाकर 50 से अधिक लोगों से लाखों रुपये ठगने का आरोप है। वह मृत व्यक्ति को दोबारा जीवित करने, गंभीर बीमारियों को ठीक करने और नि:संतान दंपतियों को संतान सुख दिलाने का भरोसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर का है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी नौशाद अली करीब नौ महीने पहले अंबिकापुर आया था। वह रसूलपुर निवासी दीपक खान के घर पर अपने चेले बबलू खान के साथ रह रहा था। यहां उसने खुद की पहचान सूफी सईद बाबा के रूप में बनाई और अपने ठिकाने का नाम रकह बाबे शिफा रखा था। आरोप है कि वह खुद को रूहानी शक्तियों का जानकार और सूफी संत का उत्तराधिकारी बताकर लोगों की आस्था का फायदा उठाता था।

आरोपों के मुताबिक, कथित बाबा खासकर 25 से 27 वर्ष के युवाओं और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को निशाना बनाता था। जिन लोगों के कामकाज में परेशानी होती थी, उन्हें रात के समय मिलने बुलाया जाता था। इसके बाद जादू-टोने और अदृश्य शक्तियों का भय दिखाकर समस्या के समाधान के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।

वकील मो. अनीस ने आरोप लगाया कि एक बीमार बच्चे को ठीक करने का दावा कर उसके पिता से करीब साढ़े चार लाख रुपये लिए गए थे, लेकिन दो महीने बाद बच्चे की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि आरोपी ने खुद को सैयद और सूफी संत का उत्तराधिकारी बताकर लोगों की धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ किया। उनके कई परिचित भी उसके झांसे में आकर रकम दे चुके हैं।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग लोगों से फोन पे और नकद के माध्यम से रकम वसूली। आसीर अंसारी से 75 हजार रुपये, बैकुंठपुर निवासी बाबा खान से नौ लाख रुपये, रसूलपुर निवासी शाहिद से चार लाख रुपये तथा यासीर खान से 75 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा आदिल से 10 हजार, सोएब अख्तर, समीर सिद्दीकी और लारेब अहमद से 20-20 हजार रुपये लेने की शिकायत भी सामने आई है। अन्य कई लोगों से भी हजारों रुपये वसूलने की बात कही गई है।

आक्रोशित लोगों ने थाने पहुंचकर की शिकायत

कथित बाबा की गतिविधियों और ठगी की जानकारी सामने आने के बाद 24 नवंबर की रात रसूलपुर के 50 से अधिक लोग कोतवाली थाने पहुंचे। लोगों ने आरोपी के ठिकाने पर भी पहुंचकर उसे तलाशा, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद सभी ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।वहीं, आरोपी नौशाद अली ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि वह कोई बाबा नहीं है और लोगों द्वारा स्वेच्छा से दान दिया जाता था।

एएसपी बोले, जांच में सामने आएंगे और पीडि़त

सरगुजा एएसपी राजेश देवांगन ने बताया कि आरोपी लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं को दूर करने, नि:संतान दंपतियों को संतान दिलाने और अन्य चमत्कारिक समाधान करने का दावा करता था। जादू-टोने का डर दिखाकर लोगों से पैसे लेने की शिकायत मिली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।

जांच आगे बढऩे के साथ पीडि़तों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।


अन्य पोस्ट