सरगुजा

हॉस्टल में नाबालिग छात्र घायल, स्कूल प्रबंधन से जुड़े 4 बंदी
24-Nov-2026 11:19 PM
हॉस्टल में नाबालिग छात्र घायल, स्कूल प्रबंधन से जुड़े 4 बंदी

 परिजनों ने लगाया था प्रताडऩा का आरोप

अंबिकापुर, 24 नवंबर। सरगुजा जिले के सरगवां स्थित निजी बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में नाबालिग छात्र के दूसरी मंजिल से कूदकर गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्कूल का मार्केटिंग हेड, हॉस्टल वार्डन, असिस्टेंट डायरेक्टर और एचआर विभाग से जुड़ा कर्मचारी शामिल है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

मामला 22 नवंबर का है। जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के चलगली क्षेत्र का रहने वाला नौवीं कक्षा का छात्र बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और इसी जिद के चलते दो दिन पहले हॉस्टल से बाहर चला गया था। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों ने उसे पकडक़र वापस हॉस्टल में रखा था। इसके बाद छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बनारस रेफर किया गया।

घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाते हुए गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 351(3), 125, 239 एवं 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में स्कूल के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण (41), असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज प्रकाश मित्तल (42), हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा (34) और एचआर विभाग से जुड़े कुणाल गोयल (24) के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार किया। चारों आरोपी अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं और वर्तमान में सरगवां स्थित कृष्णा कुंज एवं स्कूल परिसर में रह रहे थे।

पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। संपूर्ण कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, आरक्षक अतुल मिश्रा, दीपक सोनवानी और दिनेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट