सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 नवंबर। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर अंबिकापुर में सिख समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गुरु महाराज के जयकारों, शबद-कीर्तन और भक्ति भाव से सराबोर इस शोभायात्रा ने पूरे शहर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों के साथ विभिन्न समाजों के नागरिकों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया और संगत ने गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
शोभायात्रा की अगुवाई पंज प्यारों ने की। उनके नेतृत्व में गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के पावन स्वरूप के दर्शन का सौभाग्य शहरवासियों और संगत को प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने पूरे सत्कार और श्रद्धाभाव के साथ मत्था टेककर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स. गुरचरण सिंघ छाबड़ा (प्रधान), स. हरमिंदर सिंघ भामरा, गुरुसेवक सिंघ भामरा, स. प्रताप सिंघ सोहल एवं स. किरपाल सिंह अरोरा ने पंज प्यारों की सेवा निभाई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और मन में गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा दिखाई दी।
इस शोभायात्रा की एक विशेष और प्रेरणादायक पहल नगर की स्वच्छता को लेकर देखने को मिली। सिख संगत ने केवल धार्मिक आयोजन तक अपनी सहभागिता सीमित नहीं रखी, बल्कि गुरु नानक देव जी के सेवा, समानता और मानवता के संदेश को व्यवहार में उतारते हुए शोभायात्रा के आगे स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की। मार्ग में जहां भी कचरा दिखाई दिया, उसे एकत्रित किया गया और नगर निगम के स्वच्छता वाहन के माध्यम से उसका उचित निपटान कराया गया। सिख समाज की इस पहल ने लोगों को यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। स्वच्छता और सेवा की इस भावना की नागरिकों ने सराहना की।
शोभायात्रा का समापन शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुरुद्वारा गुरु नानक निवास में हुआ। इस दौरान विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिकों, सज्जनों और नगर की संगत ने जगह-जगह स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा।
24 को गुरुद्वारा सिंह सभा में मनेगा प्रकाश पर्व
सिख समाज द्वारा गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व 24 नवंबर (मंगलवार) को स्कूल रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस आयोजन को लेकर समाज में विशेष उत्साह है। शोभायात्रा में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान स. गुरचरण सिंघ छाबड़ा, सचिव डॉ. हर्षदीप सिंघ धांजल, कोषाध्यक्ष प्रितपाल सिंघ मठारू सहित समिति के उपाध्यक्ष, वरिष्ठ सलाहकार और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से मानवता, प्रेम, भाईचारे, समानता, ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। अंबिकापुर में निकली इस शोभायात्रा ने एक बार फिर इन्हीं आदर्शों को जीवंत किया। विशेषकर स्वच्छता के लिए संगत द्वारा किया गया श्रमदान यह दर्शाता है कि सच्ची श्रद्धा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और मानवता की सेवा में भी प्रकट होती है।