सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 नवंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने प्रदेशभर में शहर एवं जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसके तहत सरगुजा जिले में सीमा सोनी को शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य अनिमा केरकेट्टा को ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों नियुक्तियां संगठन में उनकी निरंतर सक्रियता और सदस्यता अभियान में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर की गई हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम के कार्यकाल में भी सीमा सोनी शहर और अनिमा केरकेट्टा ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
संगीता सिन्हा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेशभर की जिला कार्यकारिणियों को भंग कर नए अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके लिए महिला कांग्रेस के सदस्यता अभियान को आधार बनाते हुए चयन प्रक्रिया को प्रतिस्पर्धात्मक बनाया गया था। इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन कर दोनों ने एक बार फिर अपने पदों पर निरंतरता बनाए रखी।
नियुक्ति पर सीमा सोनी और अनिमा केरकेट्टा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया है। दोनों ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और महिला कांग्रेस की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही।