सरगुजा
विधायक ने किया भूमिपूजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 25 नवम्बर। जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण सडक़ निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (भ/स), अंबिकापुर द्वारा आयोजित भूमिपूजन एवं कार्य शुभारंभ कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने दोनों सडक़ों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की।
इन दोनों सडक़ निर्माण कार्यों की कुल लंबाई 10 किलोमीटर है तथा इन पर लगभग 19 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके अंतर्गत असकला झेराडीह से बरगीडीह तक 5.80 किलोमीटर लंबी सडक़ का निर्माण 11 करोड़ 47 लाख 80 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं कोरंधा से पसेना तक 4.20 किलोमीटर लंबी सडक़ का निर्माण 7 करोड़ 85 लाख 5 हजार रुपये की लागत से होगा।
इस अवसर पर विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सडक़ें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बन रही हैं। बेहतर सडक़ संपर्क से ग्रामीणों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलती है। इन सडक़ों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह,जिला पंचायत उपाध्यक्ष देव नारायण यादव, जनपद अध्यक्ष कृष्णा पावले, विधायक प्रतिनिधि जयंत मिंज,अरविंद गुप्ता,इन्द्रदेव गुप्ता, हलीम फिरदौसी सहित विभागीय अधिकारी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।