सरगुजा

मेडिकल स्टोर से दो लाख की नशीली दवाइयां जब्त, संचालक बंदी
23-Nov-2026 9:50 PM
मेडिकल स्टोर से दो लाख की नशीली दवाइयां जब्त, संचालक बंदी

प्रतिबंधित कफ सिरप-टैबलेट बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 नवंबर। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता सरगुजा की टीम ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर से दो लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की हैं। कार्रवाई में मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। टीम ने उसके कब्जे से 207 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं।

आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर का संचालक बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने पहले मेडिकल स्टोर से दवाइयों की खरीदी कराई। इसकी पुष्टि होने के बाद दुकान में छापेमारी की गई। दुकान में तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध दवा नहीं मिली, जिसके बाद पीछे स्थित एक कमरे की जांच की गई। यहां संचालक राजेश समद्दार ने स्वयं 132 मैग्नाटस-टी कफ सिरप, 75 एपीकोर्स कफ सिरप और 3600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद कराए।

आबकारी विभाग ने जब्त दवाइयों का बाजार मूल्य करीब दो लाख रुपये बताया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित दवाइयां उत्तर प्रदेश से लाकर बेचने की बात स्वीकार की है। इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और आगे के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।


अन्य पोस्ट