सरगुजा

धूमधाम से निकली ख्रीस्त राजा की शोभायात्रा
22-Nov-2026 9:06 PM
 धूमधाम से निकली ख्रीस्त राजा की शोभायात्रा

मसीही समाज के हजारों शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 नवंबर। ख्रीस्त राजा पर्व के अवसर पर रविवार को मसीही समाज द्वारा शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सरगुजा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा की अगुवाई में निकली यह शोभायात्रा नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महागिरजाघर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए संत जेवियर स्कूल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

शोभायात्रा में नगर के तीनों रोमन कैथोलिक चर्चों के पुरोहितों, धर्मबहनों और बड़ी संख्या में मसीही समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। यात्रा कर्ताराम गली, गांधी चौक, घड़ी चौक, संगम चौक, महामाया चौक, गुरुनानक चौक, गुदरी चौक, जोड़ा पीपल और आकाशवाणी चौक होते हुए संत जेवियर स्कूल परिसर पहुंची।

इस दौरान युवक-युवतियां पारंपरिक परिधानों में सजे हुए नृत्य और भजन प्रस्तुत करते हुए ख्रीस्त राजा की जय के नारे लगाते चल रहे थे। वहीं, परी के वेश में सफेद परिधान पहने नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु हाथों में धार्मिक ध्वज लेकर नाचते-गाते और प्रभु यीशु का जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे।

शोभायात्रा के समापन के बाद विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मुख्य अनुष्ठाता बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा की अगुवाई में वीजी फादर विलियम उर्रे, महागिरजाघर के पल्ली पुरोहित फादर जार्ज ग्रे कुजूर एवं फादर एल्फिज ने संयुक्त रूप से धार्मिक विधियां संपन्न कराईं।

उल्लेखनीय है कि क्रिसमस से ठीक एक माह पूर्व ख्रीस्त राजा पर्व के अवसर पर यह शोभायात्रा निकाली जाती है। इसके बाद मसीही समाज क्रिसमस की तैयारियों में जुट जाता है। घरों और गिरजाघरों में चरनी निर्माण सहित अन्य तैयारियां शुरू हो जाती हैं।

शोभायात्रा में फादर अनिल एक्का, सिस्टर जार्जिना, सिस्टर ममता सहित संत अन्ना, होली क्रॉस, उर्सुलाइन और चैरिटी धर्मसंघ की धर्मबहनें तथा हजारों की संख्या में मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट