सरगुजा

माउंट लिट्रा जी स्कूल में शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण
23-Nov-2026 9:49 PM
माउंट लिट्रा जी स्कूल में शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण

सीखने के बेहतर परिणामों और विद्यार्थी केंद्रित शिक्षा पर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 नवंबर। माउंट लिट्रा जी स्कूल में 21 नवंबर को ‘लर्निंग आउटकम्स एंड पेडागॉजी’ विषय पर सीबीपी शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को अधिगम परिणामों की बेहतर समझ प्रदान करने के साथ आधुनिक, नवाचारपूर्ण एवं विद्यार्थी केंद्रित शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराना था, ताकि शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाया जा सके।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में लखनपुर के जेआरए स्कूल के प्राचार्य प्रभाकर उपाध्याय एवं सैनिक स्कूल अंबिकापुर के लाइब्रेरियन डॉ. आनंद कुमार त्रिपाठी उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने शिक्षकों को नवीन शिक्षण रणनीतियों, प्रभावी कक्षा संचालन, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता तथा निर्धारित अधिगम परिणामों को प्राप्त करने के लिए विभिन्न शिक्षण विधियों के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें माउंट लिट्रा जी स्कूल, वियाने इंग्लिश मीडियम स्कूल झिरमिटी उदयपुर, ग्लोबल पब्लिक स्कूल सूरजपुर, मॉडर्न कॉन्वेंट कल्याणपुर, श्री साईं बाबा स्कूल, डीवीएम इंटरनेशनल स्कूल जरही, द न्यू डीपीएस बैकुंठपुर एवं अचीवर्स इंटरनेशनल स्कूल प्रतापपुर के शिक्षक शामिल रहे।

इस अवसर पर अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे ने कहा कि शिक्षण का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता को पहचानकर उसे उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करना है। वहीं विद्यालय की प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और नवीन शिक्षण पद्धतियां विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने में सहायक होंगी।

कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय के निदेशक के.पी. दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता एवं प्रतीक दीक्षित तथा अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे ने वक्ताओं, आयोजकों और प्रतिभागी शिक्षकों को बधाई दी।

 यह प्रशिक्षण शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


अन्य पोस्ट