सरगुजा

ज्वेलर्स दुकान में चोरी, आरोपी बंदी,जेवर बरामद
25-Nov-2026 11:24 PM
 ज्वेलर्स दुकान में चोरी, आरोपी बंदी,जेवर बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 दिसंबर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान का ताला तोडक़र करीब 90 हजार रुपये के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर झाडिय़ों में छिपाकर रखे गए आर्टिफिशियल हार और कान के झुमके की एक जोड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ दी है। मामले में अन्य आरोपियों और शेष चोरी के सामान की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, नवापारा नेहरू छात्रावास के पीछे निवासी निधि सोनी ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 से 30 सितंबर 2026 के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उनकी ज्वेलर्स दुकान का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया और 15 चांदी के ब्रेसलेट सहित करीब 90 हजार रुपये के आर्टिफिशियल ज्वेलरी के सामान चोरी कर लिए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 616/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही शिवांग चौहान उर्फ राहुल (20), निवासी सोनी मोहल्ला, तालाब के पास गांधीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर झाडिय़ों में छिपाकर रखा गया एक आर्टिफिशियल हार और कान के झुमके की एक जोड़ी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। इसके आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 जोड़ी गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष मशरूका की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र कुजूर, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।


अन्य पोस्ट