सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 फरवरी। सरगुजा पुलिस ने नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल अंबिकापुर एवं जिले के समस्त थाना-चौकी पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पिछले पांच महीनों के दौरान कुल 525 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है, बरामद कर उनके असल मालिकों को लौटाए गए।
यह अभियान डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सर्विलांस तकनीक और डिजिटल संसाधनों का उपयोग कर मोबाइल फोन ट्रैक किए।
राजमोहनी भवन में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी द्वारा मोबाइल धारकों को उनके फोन वितरित किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पुलिस के प्रति विश्वास और संतोष का भाव देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों की तकनीकी दक्षता और समन्वय की आमजन ने सराहना की।
डीआईजी-एसएसपी ने नागरिकों को दी सतर्कता की सलाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही से मोबाइल फोन गुम हो जाते हैं, जबकि आज के समय में मोबाइल व्यक्ति की सबसे आवश्यक वस्तु बन चुका है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और सब्जी मंडियों में मोबाइल रखने में विशेष सावधानी बरतें और मोबाइल गुम होने पर तत्काल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएं।
उन्होंने बताया कि गुम मोबाइल की शिकायत थाना-चौकी के साथ-साथ भारत सरकार के ष्टश्वढ्ढक्र पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है, जिससे मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक करने में सहायता मिलती है।
नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी भी आयोजित
कार्यक्रम के दौरान नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को आधुनिक तकनीकी-आधारित और न्यायोन्मुख कानूनी ढांचे की जानकारी दी गई। फोरेंसिक जांच, ई-एफआईआर, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर त्वरित कार्रवाई जैसे प्रावधानों की जानकारी भी साझा की गई।
यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया
इस अवसर पर सडक़ सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


