सरगुजा

गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
18-Feb-2026 8:56 PM
गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,18 फरवरी। सरगुजा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 किलो 400 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है, तथा 3090 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड के पीछे गुमटी के सामने दो व्यक्ति सफेद प्लास्टिक बोरे में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमित शर्मा (21) निवासी चुनार मेडिया, जिला मिर्जापुर उत्तरप्रदेश तथा वर्तमान में मुगलसराय, जिला चंदौली और देवचंद यादव (20) निवासी कान्हानागर कैमूर, जिला कैमूर बिहार बताया। गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर उनके पास रखे प्लास्टिक बोरे से कुल 21 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा ओडिशा से खरीदकर उत्तरप्रदेश में बिक्री करने ले जा रहे थे। मामले में थाना कोतवाली में अपराध  एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।


अन्य पोस्ट