सरगुजा
अंबिकापुर, 19 मार्च। स्थानीय सिंधु भवन अंबिकापुर में सिंधी समाज, सिंधी महिला मंडल, समाज के वरिष्ठजन एवं युवाओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें 20 मार्च (शुक्रवार) को सिंधी समाज के इष्टदेव भगवान श्री झूलेलाल जी का जन्मदिवस ‘चेट्रीचंड्र महोत्सव 2026 ’ के रूप में धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पूज्य सिंधी समाज अंबिकापुर के अध्यक्ष अशोक नागवानी एवं समाज के वरिष्ठजनों के संरक्षण में सिंधी नवयुवक मंडल की कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से नितिन रेलवानी को नवयुवक मंडल का अध्यक्ष चुना गया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर हरिश आहूजा एवं हरिश वाटवानी, सचिव शुभम राजपाल, कोषाध्यक्ष यष नागदेव तथा सह सचिव विनय मंगलानी को नियुक्त किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष झूलेलाल जयंती उत्सव सात दिवसीय कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रमों के तहत सिंधी प्रीमियर लीग क्रिकेट मैच, आनंद मेला, नववर्ष के उपलक्ष्य में घड़ी चौक में भव्य दीप प्रज्वलन, स्कूटर रैली, बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, मेधावी छात्रों का सम्मान, शंकरघाट सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा।
20 मार्च को सिंधु भवन में विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन शाम को भव्य शोभायात्रा एवं पवित्र ज्योति विसर्जन कार्यक्रम होगा, जिसमें धमाल बैंड और सिंधी डांडिया मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
बैठक में समाज के अध्यक्ष अशोक नागवानी, सचिव संजय मनवानी सहित अन्य पदाधिकारी, सिंधी महिला मंडल की अध्यक्ष ज्योति पोपटानी एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी पूज्य सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी निशित बचानी द्वारा साझा की गई।


