सरगुजा

सूने मकान में चोरी का खुलासा, खरीदार समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
18-Feb-2026 9:00 PM
सूने मकान में चोरी का खुलासा, खरीदार समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 फरवरी। जिला सरगुजा के थाना गांधीनगर क्षेत्र में सूने मकान से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के सामान के खरीदार सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनिल कुमार दास निवासी बिशुनपुर खुर्द गोरसीडबरा अपने परिवार के साथ 4 फरवरी को घर बंद कर जगन्नाथपुरी दर्शन के लिए गए थे। 5 फरवरी को उनके बड़े भाई ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। सूचना पर लौटने पर प्रार्थी ने देखा कि मुख्य दरवाजे और अलमारी का ताला टूटा हुआ था तथा अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे।

इस मामले में थाना गांधीनगर में अपराध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों अतुल तिग्गा उर्फ अक्की, सत्यादीप तिग्गा उर्फ टका और राजा लकड़ा (तीनों निवासी बिशुनपुर खुर्द गोरसीडबरा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने चोरी की घटना स्वीकार की। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का सामान गोरसीडबरा नाला के पास से बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के जेवरात को उन्होंने अंबिकापुर के ब्रह्म रोड स्थित एक दुकान संचालक कमल सोनी को बेचा था। पुलिस ने कमल सोनी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध चोरी की संपत्ति खरीदने का अपराध जोड़ते हुए कार्यवाही की गई।


अन्य पोस्ट