सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामचंद्रपुर, 19 फरवरी। थाना रामचंद्रपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 18 फरवरी को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम डोल, थाना चिनिया, जिला गढ़वा (झारखंड) निवासी अभिमन्यु गुप्ता अपने साथी के साथ सफेद रंग की कार (क्रमांक जेएच 03 एबी 3301) में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर गढ़वा से खुरई मार्ग होते हुए रामचंद्रपुर की ओर आ रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश प्राप्त हुए, जिसके बाद थाना प्रभारी रामचंद्रपुर ने पुलिस स्टाफ एवं गवाहों के साथ घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पुलिस को देखकर चालक और उसका साथी वाहन छोडक़र भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अभिमन्यु गुप्ता एवं प्रभात कुमार गुप्ता दोनों निवासी ग्राम डोल, वार्ड क्रमांक 5, थाना चिनिया, जिला गढ़वा (झारखंड) बताया।
गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी लेने पर कार से कुल लगभग 104 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,46,820 बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त कार (अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख) को भी जब्त कर लिया गया।
मामले में थाना रामचंद्रपुर में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।


